ज्ञानपुर। औराई ट्रामा सेंटर में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी। यह जिले की पहली सीटी स्कैन मशीन होगी। औराई ट्रामा सेंटर पर सीटी स्कैन मशीन लगने से हाईवे पर होने वाले हादसे में घायलों के इलाज में सहूलियत होगी। इसके लिए एक हजार वर्ग मीटर जमीन भी चिह्नित की गई है।
शासन की ओर से 2023 में प्रदेश के 16 जिलों में सीटी स्कैन मशीन लगाने को कहा था। इसमें भदोही का भी नाम शामिल था। सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए लखनऊ से सर्वे टीम जनपद में आई। टीम ने महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही और सरपतहां स्थित सौ शैया चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। टीम ने सौ शैया चिकित्सालय में जगह की उपलब्धता को देखते हुए सीटी स्कैन मशीन लगाने स्वीकृत दे दी।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने औराई ट्रामा सेंटर पर इसकी जरूरत को देखते हुए उसे वहां लगाने का आदेश दिया है। वाराणसी-प्रयागाराज हाईवे होने के कारण अक्सर गंभीर घटनाएं होती हैं। जहां मरीजों को तत्काल उपचार की जरूरत होती है। ऐसे में ट्रामा सेंटर के पास सीटीस्कैन स्थापित होने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
औराई ट्रामा सेंटर पर पीपीपी मॉडल पर सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। जिससे मरीजों को जांच के बाद तत्काल बेहतर उपचार मिलेगा। जल्द ही मशीन लगाई जाएगी। डाॅ. एचके चक सीएमओ, भदोही।