वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के तुलसीपट्टी गांव में रविवार की शाम रामगोपाल पांडेय के दो वर्षीय बेटे कीर्तिमान के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर बच्चे को बरामद कर लिया, जिससे परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। परिवार वालों ने बताया कि शाम को बच्चा दरवाजे पर खेल रहा था। इसी बीच बाइक सवार कुछ युवक उसे लेकर भागने लगे। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के दबाव को देखते हुए अपहर्ताओं ने बच्चे को नेवाजीपुर सेमराध मोड़ से 50 मीटर दूर छोड़ दिया और फरार हो गए। एसपी राजेश एस ने कहा कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को बरामद कर उसकी मां पूजा देवी को सकुशल सौंप दिया है।