सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के चकिया गंगा घाट पर गंगा स्नान कर रही 10 वर्षीया रंजना देवी पुत्री स्व. शिवनाथ माझी की मौत हो गई। इस दौरान उसके साथ नहा रही तीन अन्य बालिकाओं को वहीं के दो युवको ने डूबने से बचा लिया। बचाई गई बालिकाएं अभी भी सदमे मे हैं। रंजना की मौत से गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक ही परिवार की चार बालिकाएं गंगा स्नान करने गई थी। 10 वर्षीय रंजना नहाते समय गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी। बचाओ की आवाज सुनकर बहन को बचाने के प्रयास में उसकी छोटी बहन संजना (7) तथा खुशी (8) पुत्री जयनाथ माझी भी डूबने लगी। उनका शोर गुल सुनकर तथा तीनो को पानी मे डूबता देख पानी के बाहर घाट पर बैठी 10 वर्षीया प्रिया पुत्री बलीराम माझी ने भी गंगा में छलांग लगा दी लेकिन वह भी डूबने लगी जिससे गंगा घाट पर कोहराम मच गया।
घाट किनारे शोरगुल सुन गांव के ही दो युवक सूरज माझी और दिलीप माझी गंगा में छलांग लगा कर तीन लड़कियों को बचा लिया लेकिन रंजना की जल समाधि हो चुकी थी। लगभग आधे घंटे के प्रयास के बाद उसकी लाश गंगा से निकाली जा सकी। मृतका के पिता शिवनाथ माझी इस दुनिया मे नहीं है। वह चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की थी। मां उषा देवी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।