घोसिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज-नेवढ़िया मार्ग पर मंगलवार शाम पांच बजे डंपर से दबकर एक बालक की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। लंबी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औराई थानाक्षेत्र के तियुरी लोहरपुरवा गांव निवासी पवन विश्वकर्मा (11) पुत्र रविशंकर विश्वकर्मा शाम को पांच बजे पिता की दुकान पर महराजगंज जा रहा था। अभी वह मार्ग पर स्थित एक ईंट-भट्ठे के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। नाराज लोगों ने डंपर पर पथराव करने के साथ ही हंगामा शुरू कर दिया। वे शव को पुलिस को देने को तैयार न थे। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद शव को पुलिस को उठाने दिया। मौके पर औराई सीओ रामकरन और तहसीलदार गजानंद पहुंचे थे। मृतक पवन दो भाइयों में छोटा था।