लालानगर। गोपीगंज नगर क्षेत्र में लगीं लाखों की सोलर लाइटें हफ्तेभर के अंदर रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गईं। नगर पालिका के ईओ ने हफ्तेभर के अंदर एक दर्जन से अधिक हाईमास्ट लाइटों के चोरी हो जाने की तहरीर शुक्रवार को गोपीगंज थाने में दी। नपा के मुताबिक चोरी गई हाईमास्ट लाइटों की कीमत 36 लाख रुपये के आसपास है।
पालिका ईओ अवधेश कुमार भारती के अनुसार नगर के चौरा माता मंदिर, पश्चिम मोहाल, रेलवे स्टेशन रोड, पहलवान वीर बाबा मंदिर समेत नगर में गड़े पोलों में हाईमास्ट लाइट लगवाई गई थी। हफ्तेभर के अंदर में दो दर्जन से ज्यादा हाईमास्ट लाइटें चोर खोल ले गए। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को थाने में तहरीर दी। इसमें ईओ ने बताया कि एक हाईमास्ट लाइट की कीमत तीन लाख रुपये है। कुल चोरी हुई हाईमास्ट की कीमत 36 लाख रुपये से ज्यादा है। गौरतलब है कि हाईमास्ट लाइटों के चोरी हो जाने के बाद मोहल्लों में अंधेरा हो गया है। नपा की तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक तफ्तीश की जा रही है।
सभासदों ने बताया संदिग्ध, घोटाले की आशंका
लालानगर। गोपीगंज नगर से हाईमास्ट लाइटों के चोरी होने के प्रकरण को नागरिकों और कुछ सभासदों ने संदिग्ध बताया है। कहा कि कई साल पहले नगर में कुछ जगहों पर हाईमास्ट लाइट लगाई गई थी, जिसे खुद पालिका प्रशासन की ओर से खोलवाकर उसकी जगह पर एलईडी बल्ब लगवा दिया था। चोरी की तहरीर देकर पालिका प्रशासन लाखों का घोटाला करने कि फिराक में है। सभासद संतोष मोदनवाल, कोमल मोदनवाल के अलावा धर्मेंद्र द्विवेदी, प्रकाश सिंह आदि ने कहा कि हाईमास्ट लाइट को खुद पालिका प्रशासन की ओर से निकलवाया गया था। इस संबंध में पालिका के ईओ ने नागरिकों और सभासदों के आरोप को बेबुनियाद बताया। कहा अगर पालिका कर्मचारियों की ओर से लाइटों को खोले जाने की बात है तो इसकी जांच कराई जाएगी। मामला सही मिला तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।