सीतामढ़ी। अनजाने में हुई गलती एक पशुपालक किसान पर बहुत भारी पड़ गई। गलती से बृहस्पतिवार को दोपहर पशु आहार में दीमक की दवा मिल जाने से डेढ़ लाख से अधिक कीमत के तीन मवेशियों की तड़प तड़प कर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पशु डॉक्टरों के तमाम प्रयास के बाद भी किसी भी मवेशी को बचाया नहीं जा सका। कोइरौना थानाक्षेत्र के बारीपुर गांव निवासी नन्हकू यादव की दो भैंस और एक गाय को चारा डालते समय चूनी चोकर (पशुआहार) में गलती से पास में रखे दीमक मारने की दवा मिल गई। परिवार के ही किसी सदस्य ने चारे में गलती से पशु आहार के साथ चूनी चोकर समझ कर दीमक की दवा भी मिला दी। पशुओं को चारा डालने के एक घंटे बाद तीनों मवेशियों के मुंह से झाग निकने लगा और तीनों छटपटाने लगे। आनन-फानन में पशु डाक्टर को बुलाया गया। तमाम कोशिश के बावजूद तीनों की मौत हो गई। बताते है गाय भैंस गर्भावस्था में थे। समाजसेवी राहुल दूबे ने पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की।