सुरियावां। नगर के रामबाग स्थित एटीएम से जालसाजों ने एक महिला के खाते से दो बार में 9500 रुपये निकाल लिए। परेशान महिला ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मंगुरा गांव निवासी सुषमा देवी पत्नी मेघनाथ चौहान शुक्रवार को एटीएम से पैसा निकालने के लिए आई। पहली बार में एटीएम से 4500 निकाला। उसके बाद दोबारा एटीएम डाला तो पैसा नहीं निकला। आरोप है कि उसी दौरान पीछे खड़े दो युवकों ने पैसा न होने की बात कहकर दूसरे एटीएम पर जाने के लिए कहा। पीड़िता ने कहा कि जब वह दूसरे एटीएम पर गई, तभी उसके मोबाइल में दो बार में 9500 रुपये निकलने का मैसेज आया। महिला दोबारा उसी एटीएम पर आई तो दोनों युवक गायब थे। भुक्तभोगी ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।