मोढ़। क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव में पशु चुराने आए बदमाशों ने जागने के बाद युवकों पर हमला कर दिया। युवकों ने बोलरो सवार पशुचोरों का पीछा किया, लेकिनडंडे से हमला कर घायल करते हुए वे फरार हो गए। इसमें दोनों युवक घायल हो गए। बदमाश तीन बकरों को बोलरो में भर कर ले जाने में कामयाब हो गए। इस घटना को लेकर गांव में खलबली मची रही।
भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर कस्तूरीपुर चौराहे के पास सड़क किनारे गुड्डू खान का मकान है। बृहस्पतिवार की रात परिवार के लोग बरामदे में सोए थे। तीन बकरे भी वहीं बंधे थे। बताते हैं कि रात करीब एक बजे बोलरो पर सवार कुछ बदमाश आए और तीनों बकरों को लादकर सुरियावां की तरफ जाने लगे। बकरों को लादते समय परिवार का एक सदस्य जाग गया और उसने घर के अन्य सदस्यों को जगाया। गुड्डू खान और सोनू ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान वे गाड़ी के अंदर से पत्थर फेंक रहे थे। सुरियावां रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण बोलेरो पुन: भदोही की तरफ वापस आने लगी। इतने में बाइक सवार भी पहुंच गए। तब बोलरो में से बदमाशों ने दोनों पर लाठी से वार करते हुए भदोही की तरफ भाग गए। इससे सोनू (20) को हाथ में गंभीर चोट लगी और गुड्डू को पैर चोट आई। भुक्तभोगियों ने आरोप लगाया कि डायल 100 पर फोन कर सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
--