ऊंज। पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगलवार की रात ऊंज थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाने के गेट के सामने चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तस्करी के लिए जा रहे पांच कंटेनरों में ठूंसकर भरे 122 मवेशियों के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजा गया, जबकि ट्रकों का परमिट निरस्त करने के लिए एआरटीओ को पत्र भेजा गया। वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे पर पशु तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ऊंज थाने के सामने ही सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इलाहाबाद की ओर से आ रहे कंटेनर को रोका गया। तलाशी के दौरान पांच कंटेनरों से 122 भैंस और भैंसे बरामद हुए। सभी कंटेनरों में मवेशियों को बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने तस्कर शाहनवाज खान निवासी रफीगंज बिहार, रिजवान खान निवासी गया बिहार, इरशाद खान बागपत, सरफराज खान मुरादाबाद, मोबिन खान संभल, अतेतुल रहमान रांची झारखंड और समद शेख रांची झारंखड को गिरफ्तार किया। उनके पास से चार मोबाइल और 1250 रुपये नकद भी बरामद किया गया। तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेजा गया। उल्लेखनीय है कि जिले में पशु तस्करी का बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। तमाम प्रयास के बाद भी पुलिस इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रही है। विभागीय लोगों की शह पर ही बेजुबानों के कत्ल का यह धंधा चल रहा है। पशु तस्करी में पुलिस की मिलीभगत का खुलासा हो चुका है।