गोपीगंज (भदोही)। साइबर अपराध में सक्रिय जालसाज आए दिन फोन पर एटीएम और बैंक एकाउंट बंद होने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। साथ ही तमाम तरह से जागरूक करने के बाद भी लोग इनके शिकार हो जा रहे हैं। शनिवार को थाना क्षेत्र के चकसहाब निवासी मजदूर अली हसन फोन पर मांगी गई सूचना देकर साइबर क्राइम का शिकार हो गया। फोन करने वाले ने आधार कार्ड आदि जानकारी मांगी। कहा कि जानकारी न देने पर उनका खाता बंद हो जाएगा। उन्होंने मांगी गई सभी सूचनाओं को फोन पर ही उपलब्ध करा दिया। इसके बाद उनके खाते से एक लाख 26 हजार रुपये निकल जाने का मैसेज आया। इससे उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई। परेशान होकर स्टेट बैंक और थाने का चक्कर लगा रहा है। अली हसन ने बताया कि शनिवार को आए फोन पर स्टेट बैंक में संचालित खाते को जारी रखने के लिए जानकारी मांगी गई। जानकारी में आधार नंबर, खाता नंबर आदि का ब्यौरेवार सूचना लिया। सूचना देने के बाद संतुष्ट बैठे अली हसन के मोबाइल पर कुछ देर में मैसेज आया। तीन बार में उसके एकाउंट से एक लाख 26 हजार रुपये निकल गए। इस के बाद बैंक और थाने पहुंचकर कार्रवाई के लिए चक्कर लगा रहे हैैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि कहां से पैसे निकल गए। मेहनत मजदूरी करने वाले अली हसन के खाते से पैसे निकलने से पूरा परिवार परेशान है।