चौरी। थानाक्षेत्र के सरबतखानी गांव में शुक्रवार की रात एक सप्ताह पहले लापता युवती की बरामदगी के लिए पहुंची लोहता थाने की पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। नाराज लोगों ने दो वाहनों में तोड़फोड़ की और एक निजी वाहन को आग के हवाले कर दिया। खबर मिलते ही एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 12 लोगों के खिलाफ बलवा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वाराणसी के लोहता गांव की एक युवती सप्ताह भर पूर्व से लापता बताई जा रही है। युवती के परिवार वालों की तहरीर पर लोहता थाने की पुलिस ने भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के सरबतखानी गांव निवासी एक युवक के खिलाफ लड़की भगाने का मुकदमा दर्ज किया। शुक्रवार को रात करीब नौ बजे युवक और युवती के सरबतखानी गांव में होने की सूचना पर युवती के परिजन लोहता पुलिस के साथ दो निजी वाहनों से गांव पहुंच गए। बातचीत के दौरान दोनों पक्ष मारपीट करने लगे। मामला इतना बढ़ गया कि लोहता पुलिस बैकफुट पर आ गई। भीड़ ने दोनों वाहनों में भी तोड़फोड़ शुरू कर दी और एक वाहन में आग भी लगा दी। इससे कार डीएल 09 एम 2601 जलकर नष्ट हो गई। खबर मिलने के बाद सीओ औराई यादवेंद्र कुमार और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फोर्स ने वहां जुटे लोगों को खदेड़ा और नौ लोगों को गिरफ्तार किया। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया गया है। देर रात पुलिस अधीक्षक राजेश एस भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में सरबतखानी गांव से रवि सिंह समेत सात और लोहता के अनिरुद्ध सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ बलवा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सीओ औराई यादवेंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
कई सवाल अब भी अनसुलझे
चौरी। शुक्रवार की रात सरबतखानी गांव में हुए बवाल में एक सिपाही के भी घायल होने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस ऐसी किसी बात से इंकार कर रही है। बताया जाता है रात में लोहता पुलिस के एक सिपाही पर सबसे पहले हमला हुआ, उसी के बाद से मामले ने तूल पकड़ा। फूंकी गई कार किसकी थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका।