ज्ञानपुर/गोपीगंज। दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को हुईं दो सड़क दुर्घटनाओं में विवाहिता समेत दो लोगों की मौत हो गई। ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर वेदपुर नहर पुलिया के समीप पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि पीछे बैठा सवार घायल हो गया। दूसरी ओर, ाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर गोपीगंज में मस्जिद के सामने बाइक से गिरकर विवाहिता के ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इससे सड़क जाम हो गई।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के रायपुर सुंदरपुर गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय (27) पुत्र अशोक उपाध्याय मंगलवार को दोपहर ढाई बजे के आसपास पल्सर बाइक से भदोही की ओर जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर गांव का ही एक और युवक था। उसका नाम भी अभिषेक (26) ही है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर वेदपुर गांव के समीप नहर पुलिया पर सामने से आ रही पिकअप से जोरदार टक्कर हो गई। इससे अभिषेक उपाध्याय की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे अभिषेक घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभिषेक की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी। उनका एक वर्ष का बेटा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गोपीगंज संवाददाता के मुताबिक नगर में राजमार्ग स्थित जामा मस्जिद के पास ऊंज थानाक्षेत्र के बिछिया गांव निवासी नन्हे अली पत्नी आसमा बेगम (22) को बाइक पर बैठाकर घोसिया रिश्तेदारी में गए थे। वहां से लौटते समय गोपीगंज नगर के जामा मस्जिद के पास बाइक स्लिप कर गई, जिससे बाइक पर बैठी आसमा सड़क पर गिर गईं। उसी दौरान बनारस से इलाहाबाद की तरफ जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। दक्षिणी लेन पर काफी देर तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।