थानाक्षेत्र के जगन्नाथपुर गुहिया गांव में बृहस्पतिवार की शाम जमीन की पैमाइश करने आए राजस्व विभाग के अफसरों की एक वृद्ध को कथित तौर पर डांट देने से मौत हो जाने का आरोप परिवार वालों ने लगाया है। इसके बाद अफसर भी चले गए। बेटे ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की डांट और रिश्वत मांगने के बाद लगे सदमे से उसके पिता की मौत हो गई। कहा कि अधिकारियों पर केस दर्ज कराएंगे। न्याय न मिला तो सीएम के दरबार में जाएंगे।
जगन्नाथपुर गुहिया गांव के ओमप्रकाश तिवारी रोडवेज के चालक थे। एक साल पूर्व वह सेवानिवृत्त हुए थे। उनका मकान गांव के पास ही बन रहा है। उन्होंने 13 कड़ी सरकारी नाली चकरोड की नापी के लिए छह माह पूर्व आवेदन किया था। बृहस्पतिवार शाम को पांच बजे औराई तहसील के लेखपाल, कानूनगो और चकबंदी के एसीओ पैमाइश के लिए पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अफसर नापी में गड़बड़ी कर रहे थे, जिसका ओम प्रकाश तिवारी ने विरोध किया। इसको लेकर अधिकारियों ने उन्हें डांट दिया। उसी दौरान ओमप्रकाश अचानक गिर गए। परिवार वाले एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे गिरीश तिवारी ने कहा कि उसके पिता छह माह से नापी के लिए दौड़ रहे थे। बृहस्पतिवार को अधिकारी आए लेकिन पैमाइश में गड़बड़ी कर रहे थे। विरोध करने पर उसके पिता को डांटने के साथ अभद्रता की गई। आरोप यह भी लगाया कि अधिकारियों की ओर से पैमाइश उनके पक्ष में करने के लिए 10 हजार रिश्वत मांगी गई। घटना के बाद अधिकारियों से सूचना देने के बजाए वहां से खिसक लिए। उधर एसडीएम औराई केशवनाथ गुप्ता ने कहा कि उनके संज्ञान में प्रकरण नहीं है। मामले को जांच कराकर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।