ऊंज। डीघ विकास खंड के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्रा से छेड़खानी करने वाले अनुदेशक की मुश्किलें कम नहीं हो रही है। सोमवार को जांच अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र शुक्ल ने प्रकरण की जांच की। अभिभावकों, बच्चों और पीड़ित छात्रा से बात की। जांच में मामला सही मिलने पर उन्होंने कार्रवाई की संस्तुति की।
गत दिनों पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अनुदेशक ने वजीफा दिलाने के बहाने आठवीं की छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। अभिवावक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनुदेशक पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अनुदेशक फरार चल रहा है। प्रकरण की जांच के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारी डीघ को जांच सौंपी थी। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी रविंद्र कुमार शुक्ल जांच करने के लिए गांव में पहुंचे। जांच अधिकारी ने विद्यालय के शिक्षक, बच्चों संग पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज किया। जांच पूर्ण करने के बाद उन्होंने रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि जांच रिपोर्ट आ गई है। अवलोकन करने के बाद संविदा समाप्त के लिए जिलाधिकरा के पास पत्र भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर घटना के चौथे दिन भी पुलिस आरोपी अनुदेशक को गिरफ्तार नहीं कर सकी।