भदोही। कोतवाली क्षेत्र के शेरवां गांव स्थित वरुणा नदी से अवैध मिट्टी खनन की जानकारी पर शुक्रवार को डीएम विशाख जी और एसपी सचिंद्र पटेल मातहतों संग निरीक्षण को पहुंचे। इस दौरान बिना परमिट के एक व्यक्ति द्वारा मिट्टी खनन करने को गंभीरता से लेते हुए जांच व कार्रवाई का जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिया। अचानक अधिकारियों के धमकने से क्षेत्र में खलबली मची रही। जिलाधिकारी विशाख जी अवैध खनन की शिकायतों को लेकर सख्त हो गए हैं। पिछले दिनों औराई थाना क्षेत्र के गंगा घाटों पर एसपी के साथ उन्होंने पहुंच कर तीन घाटों पर पैदल ही निरीक्षण किया था। इस बीच, शुक्रवार को नईबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत शेरवा गांव में लगातार मिट्टी के अवैध खनन की जानकारी मिलते ही शेरवां पहुंच गए और खुद जांच की। इस बाबत डीएम ने बताया शोसल मीडिया में अवैध खनन की बाते आई थी जिसपर मौके पर जाकर देखा गया। नदी से खनन की बात नहीं मिली लेकिन खेतों में खनन कर 8 फीट तक गड्ढा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए दो लोगों को चिन्हित किया गया है। कोतवाली पुलिस और खनन अधिकारि को कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है जो कल तक हो जाएगा। अधिकारियों के गांव पहुंचने पर गांव में खलबली का आलम रहा।