सीतामढ़ी। कोइरौना थाना क्षेत्र के बनकट (चकिया) गांव के पास जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग पर सोमवार को सुबह स्कूल बस से दब कर हरिओम उर्फ छोटू (7) पुत्र गजराज भारतीय की मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से नाराज लोगों ने शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। दो घंटे तक सीतामढ़ी मार्ग को बाधित रहने से दोनों ओर वाहनों का लंबा काफिला लग गया। इससे सड़क पर आवागमन ठप हो गया। पुलिस-पीएसी के साथ पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार को परिजन कहीं रिश्तेदारी जा रहे थे, जिनके साथ छोटू भी रोते हुए पीछे-पीछे सड़क पर आ गया। सड़क पार करते समय लगभग सवा छह बजे कटरा की ओर जा रही स्कूल बस की चपेट में आकर छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की भनक लगते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। जहां देखते ही देखते अन्य लोगों की भी भारी भीड़ जुट गई, जो परिजनों के साथ शव को सड़क पर रख दिया और जाम लगाकर उच्चाधिकारियों को मौके पर पहुंचने की मांग करने लगे। घटना और मार्ग पर आवागमन बाधित होने की खबर मिलते ही सीओ ज्ञानपुर कालू सिंह और थानाध्यक्ष कोइरौना धर्मेंद्र यादव दलबल के साथ पहुंच कर लोगों को समझाने-बुझाने में लगे, लेकिन सफलता नहीं मिली। साढ़े नौ बजे पहुंचे तहसीलदार देवेंद्र सिंह यादव ने मृतक के परिजनों को आवास और भूमि पट्टा का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। मृतक छोटू तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था पिता गजराज भारतीय मुंबई में रहते हैं। जिगर के टुकड़े की मौत से मां सुनीता देवी, दादा शमशेर, दादी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बस को हिरासत में ले लिया गया है। घटना होने के बाद चालक फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।