ज्ञानपुर। कोइरौना थानाक्षेत्र के दरवांसी गांव में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने का भय शुक्रवार को भी दिखा। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा। कुछ पीड़ितों के डर के मारे घर छोड़ने की भी चर्चा रही, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। वहीं पुलिस भी किसी अनहोनी को लेकर गश्त कर माहौल को बिगाड़ने वालों पर नजर रखे रही। बुधवार को क्रिकेट खेलने के दौरान गांव में दो वर्गों के बीच हुई मारपीट ने अलग रूप धारण कर लिया था। दोनों पक्षों से एक-दूसरे के खिलाफ थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही बृहस्पतिवार से ही गांव में चक्रमण कर हर पहलू को खंगालती रही। कोइरौना थानाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बताया कि माहौल खराब करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे। मामले की जांच की जा रही है।