ज्ञानपुर (भदोही)।
कोतवाली क्षेत्र के पीपरगांव की चौबान बस्ती में सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे घरेलू बिजली के तार में अचानक हाई वोल्टेज करेंट दौड़ गया। इससे करेंट की चपेट में आने से एक अधेड़ समेत दो की मौत हो गई, जबकि पांच लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीपरगांव चौबान बस्ती में दोपहर के समय ज्यादातर लोग घरों में टीवी देख रहे थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गांव के समीप ही 440 वोल्ट तार पर हाईटेंशन तार गिर गया। इससे घरों में हाईटेंशन बिजली आपूर्ति होने से पंखे, टीवी, बल्ब और अन्य उपकरण जलने लगे। लोग बोर्ड के स्विच बंद करने लगे। इस चक्कर में विजय शंकर उपाध्याय (50) और योगेश चौबे (36) बोर्ड से चिपकने के कारण गंभीर रूप से झुलस गए। घर वाले अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा छोटू चौबे (15) पुत्र राजीव चौबे, रितिका (12) पुत्री राजीव चौबे, मुस्कान (07) पुत्री सुशील चौबे समेत पांच लोग झुलस गए। सभी स्विच बंद करने के दौरान झटका लगने से गिर गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तारों के टकराने से हाईटेंशन बिजली की आपूर्ति घरों में हो जाती है। पूर्व में कई बार ऐसी स्थिति होने से बिजली उपकरण जल चुके हैं।