गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के बंजारी जगन्नाथपुर गांव निवासी किसान की मौत के मामले में उसके बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। बता दें की उक्त गांव निवासी मोहनलाल (45) दो दिन पहले अपने पाही के पास स्थित ग्राम देवी मंदिर के पास अबूझ हाल मे घायल हो गए थे। जिसके बाद वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। जिस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। जिसके बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। इस बीच परदेश से लौटे मृतक किसान के बेटे ने परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। जिसकी नामजद तहरीर पर पुलिस ने मृतक के बड़े भाई मदन सरोज और उनके बेटे अजीत और पिंटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।