ज्ञानपुर। चौरी थानाक्षेत्र के धसकरी गांव में बिना रायल्टी जमा किए चल रहे ईंट भट्टे के खिलाफ मंगलवार को खनन विभाग ने कार्रवाई की। खनन निरीक्षक अरविंद यादव ने भट्टे पर निर्मित डेढ़ लाख ईंट सीज कर पुलिस के सुपुर्द कर दी। इस कार्रवाई से अन्य भट्टा संचालकों में भी खलबली मच गई। जिले में 150 से अधिक ईंट भट्टा संचालित होते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए भट्टा संचालकों को कई प्रमाणपत्र बनवाने पड़ते हैं। उनके बिना वह भट्टा संचालित नहीं कर सकते हैं। लेकिन, कई स्थानों पर मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। चौरी क्षेत्र के धसकरी में बिना रायल्टी जमा किए आरपीवाई ईंट उद्योग की ओर से ईंट पाथा जा रहा था। शिकायत मिलने पर मंगलवार को खनन निरीक्षक अरविंद यादव ने पुलिस बल के साथ भट्टे पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान रायल्टी जमा किए बिना ही करीब डेढ़ लाख ईंट का निर्माण पाया गया। धसकरी निवासी राम प्यारे यादव पुत्र श्रीराम यादव के भट्टे को सीज कर ईंट को पुलिस के निगरानी में सुपुर्द कर दिया गया। संचालक को कहा कि जुर्माना भरने और रायल्टी जमा करने के बाद वह अपना ईंट प्राप्त कर सकेंगे। खनन निरीक्षक ने बताया कि कागजात दुरुस्त न होने और रायल्टी जमा न करने पर 15 से अधिक भट्टा संचालकों को नोटिस भेजा गया है।