ज्ञानपुर। सहारनपुर और कुशीनगर में जहरीली शराबकांड के बाद लगातार तीसरे दिन आबकारी और पुलिस महकमें की टीम ने छापेमारी की। सोमवार को आबकारी निरीक्षक पवन मिश्रा और अमित दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चौरी थाना के सरबतखानी, चौरी, परसीपुर, औरंगाबाद, भरेसपट्टी, और खेतलपुर के आठ ईंट-भट्ठो पर छापेमारी की। अचानक हुई छापेमारी से खलबली तो जरूर मच गई लेकिन टीमों के हाथ खाली रहे। एक भी भट्ठे से न तो अवैध शराब बरामद हुई और न ही बनाने वाले। सूत्रों की म1ाने तो टीम के पहुंचने से पूर्व ही ऐसे लोगों को सतर्क कर दिया जाता है। बताते चलें कि भट्ठों पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बनाई जाती है। अधिकांश सीमावर्ती भट्ठों पर यह खेल चलता है। आबकारी अधिकारी आरपी सिंह चौहान ने कहा कि टीमें छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद सभी सचेत हो गए हैं।