ज्ञानपुर। नगर के बालीपुर मोहल्ले में रविवार की सुबह दीवार गिरने से एक मजदूर दबकर घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर भदोही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहल्ला निवासी डीएन यादव का घर बनाने के लिए चकटोडर गांव निवासी मजदूर पिंटू (28) पुत्र जमुना प्रसाद नींव की खुदाई कर रहा था। नींव पास के ही एक चहारदीवारी से सटकर खोदी जा रही थी। खुदाई करते समय अचानक चहारदीवारी भरभराकर गिर गई और मजदूर उसके नीचे दब गया। दीवार गिरने की खबर मिलते ही आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला। मजदूर स्थानीय होने के कारण चकटोडर और बालीपुर गांव के बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए।