चौरी। नौकरी का झांसा देकर पांच लाख रुपये ऐंठने और मांगने पर धमकी देने और गाली गलौज करने के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय की अदालत ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। 156 (3) के तहत दाखिल प्राथना पत्र पर कोर्ट ने मामले में कार्रवाई कर चौरी पुलिस को न्यायालय को अवगत कराने को कहा। वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के खररिया गांव निवासी असलम हाशमी ने आरोप लगाया था कि बेटे को नौकरी दिलाने के लिए उसने जून 2016 में भदोही जिले के चौरी क्षेत्र के वेदमनपुर गांव निवासी महफूज आलम को पांच लाख रुपये दिया था। काफी समय गुजरने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो महफूज आलम से अपने पैसों की मांग की। आरोप था कि महफूज पैसा देने की बजाए गाली गलौज करने लगा। चौरी थाने पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।