गोपीगंज। मूर्ति विसर्जन के दौरान शनिवार की रात एक युवक ज्ञानपुर के इब्राहिमपुर पुलिया के पास नहर में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आठ घंटे तलाश के बाद गोताखोरों ने रविवार को सुबह उसका शव बरामद किया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, शोक में सदर मोहाल की दुकानें दिन भर बंद रहीं। नगर पालिका के पास न्यू फ्रेंड्स क्लब की ओर से स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के लिए शनिवार देर शाम शोभा यात्रा निकाली थी। इब्राहिमपुर पुलिया के पास मूर्ति विसर्जन के दौरान नगर के सदर मोहाल निवासी शशांक पांडेय (25) पुत्र कृष्णचंद पांडेय नहर में गिर गया। कुछ देर बाद जब वह नहीं दिखा तो साथ के लोग परेशान हो गए। कुछ देर बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। गोपीगंज कोतवाल शेषधर पांडेय, ज्ञानपुुर कोतवाल छबिनाथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद रामपुर और गुलौरी घाट से गोताखोरों को बुलाया गया। रात भर गोताखोर की तलाश के बाद रविवार को सुबह आठ बजे वह बड़वापुर के पास मलबे में फंसा मिला। उसे लेकर परिजन निजी चिकित्सालय पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को विलाप देखकर वहां मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को दोपहर बाद रामपुर घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। चार भाइयों में शशांक सबसे छोटा था। युवक की मौत के गम में सदर मोहाल की दुकानें बंद रहीं। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, चेयरमैन प्रह्लाद दास गुप्ता, माबूद खान, कोमल, ज्ञानेश्वर, संतोष सिंह बघेल, आशीष आदि ने घर पहुंचकर शोक जताया।