गोपीगंज (भदोही)।
चकपड़ौना स्थित निर्मला देवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को प्रबंधक ने तकरीबन दर्जनभर छात्रों की पिटाई कर दी। इससे नाराज छात्रों ने शनिवार को विद्यालय में हंगामा कर दिया। बात पुलिस तक पहुंची तो गोपीगंज थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शासन के निर्देश पर निर्मला देवी इंटर कॉलेज में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम चल रहा है। शुक्रवार को सीसीटीवी कैमरे का तार कहीं बीच में कट गया था। प्रबंधक की नजर जब कटे तार पर पड़ी तो उनका पारा चढ़ गया। इसको लेकर प्रबंधक ने छात्रों से पूछताछ की। छात्रों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की तो एक-एक करके कई छात्रों को पीटा गया। इसमें प्रदीप यादव, धीरेंद्र यादव, अरशद अली, राहुल कुमार, राहुल पाल, सुनील यादव, शुभम, सुरेश, उमाशंकर, अंकित, कन्हैया घायल हो गए। मामले की खबर लगते ही छात्रों के अभिभावक थाने पहुंच गए। थाने पहुंचे अभिभावकों को पुलिस ने समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया। दूसरे दिन शनिवार को पिटाई से घायल छात्रों ने स्कूल में हंगामा खड़ा कर दिया। छात्रों का रुख देखकर प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दे दी। स्कूल में पुलिस को देख गुस्साए छात्र शांत हो गए। विवाद बढ़ने से रोकने के लिए प्रधानाचार्य रचिता पांडेय ने स्कूल में छुट्टी करा दी। प्रभारी निरीक्षक गोपीगज सुनील दत्त दुबे ने बताया कि घटना की जानकारी पर स्कूल में पुलिस टीम गई थी। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य रचिता पांडेय ने पिटाई की बात स्वीकार करते हुए कहा कि कुछ छात्र गुटबंदी कर कॉलेज के काम में व्यवधान उत्पन्न रहे हैं।