ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के जिला मुख्यालय केशवपुर सरपतहां में मंगलवार की शाम को बच्चों के विवाद को लेकर कुछ मनबढ़ युवकों ने एक कुनबे को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर एक युवक को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार केशवपुर सरपतहां पाल बस्ती के कुछ बच्चों के साथ पड़ोस की बस्ती के बच्चों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। उसके बाद यादव बस्ती के कुछ मनबढ़ युवक पाल बस्ती में पहुंचे और बच्चों के परिवार वालों को मारपीट कर घायल कर दिया। इसमें कमलेश पाल, श्याम पाल, प्रदीप पाल, राजकुमार पाल, विनोद पाल, शांति और ऊषा गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कमलेश के सिर में गंभीर चोट लगने से 16 टांके लगाए गए। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं दूसरी ओर पीड़ित परिवार की तहरीर के बाद भी पुलिस मुकदमा दर्ज करने को लेकर आनाकानी की। इसको लेकर बस्ती के लोगों ने हंगामा किया। एएसपी डॉ. संजय कुमार ने कहा कि पीड़ित को न्याय मिलेगा।