सुरियावां। थानाक्षेत्र के गुआली गांव में मंगलवार की रात आबकारी और पुलिस ने 576 पेटी अवैध शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 221 खाली शीशी और तीन किलो यूरिया बरामद किया। बुधवार को सुरियावां थाने में सीओ अभिषेक कुमार पांडेय ने पत्रकार वार्ता कर घटना का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि एसओ अजय कुमार सिंह और आबकारी निरीक्षक पवन कुमार मिश्र ने मंगलवार की रात करीब 12 बजे गुआली में छापेमारी की। मौके से पुलिस ने शशि नारायण पाठक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 576 पेटी अवैध शराब बरामद किया। जो करीब पांच हजार लीटर थी। सीओ ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब पांच लाख है।