जिला अस्पताल की इमरजेंसी में टूटती सामाजिक दूरी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/औराई। कोरोना का असर कम भले हुआ है, लेकिन खत्म नहीं। यह नसीहत देश के प्रधानमंत्री तक दे चुके हैं, लेकिन हैरत की बात यह है कि खुद स्वास्थ्य महकमा ही इसको लेकर गंभीर नहीं है। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी और पीएचसी तक कोविड-19 के मानकों का पालन नहीं हो रहा है। सोशल डिस्टेंसिंग खूब टूट रही है। मंगलवार को सुबह 11 बजे महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक मरीज इस कदर एक दूसरे से सटकर खड़े रहे जैसे कोरोना का उन्हें कोई डर ही न हो। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में स्थिति और भी खराब दिखी। यहां आने वाले मरीजों को न तो सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने की हिदायत दी जा रही है और न ही मॉस्क लगाने की। आलम यह है कि ओपीडी में डॉक्टरों को दिखाने के लिए लोग एक के ऊपर एक खड़े होने की स्थिति में रहे। ऐसे में उक्त भीड़ में यदि एक भी कोरोना संक्रमित पहुंचा तो वहां पर आए लोग उसकी जद में आने से नहीं बच सकेंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी, दवा काउंटर , परिवार नियोजन और डिलीवरी रूम की भी यही हालत है। कमोबेश यही हाल अन्य सीएचसी और पीएचसी में है। सीएचसी प्रभारी डॉ. अशफाक अहमद ने कहा कि सभी को खुद इसके लिए जागरूक होना होगा। अस्पताल के कर्मचारी लोगों को इसके लिए नहीं कहेंगे। जब तक गार्ड की व्यवस्था नहीं होगी तब तक हम कुछ नहीं कह पाएंगे। जबकि पिछले दिनों मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह भी सीएचसी पर पहुंचकर यह नजारा देख चुकी हैं। दिशा-निर्देश देकर चली गईं। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सभी को जागरूक होने की जरूरत है।