सुरियावां थाना क्षेत्र के घोरहा-महजूदा गांव में करंट की चपेट में आने से संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि रमेश (38) विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन है। मंगलवार की सुबह घर से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित एक खंभे पर चढ़कर विद्युत कार्य कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से वह गिर गया। आनन-फानन में उसे वाराणसी स्थित एक निजी चिकित्सालय में लेकर जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक संविदा लाइनमैन रमेश चार नाबालिग बच्चों का पिता भी है। गांववासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मुआवजा की मांग की। प्रभारी निरीक्षक सुरियावां राकेश सिंह ने कहा कि पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिशासी अभियंता प्रथम भदोही अभिषेक कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी होने पर जांच की गई, लेकिन संविदा लाइनमैन की मौत पेड़ से गिरने के कारण हुई है।