गोपीगंज के झिलिया पुल के पास नाले में गिरा कंटेनर। संवाद
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर झिलिया पुल के पास सोमवार को दक्षिणी लेन पर जा रही कार को बचाने के चक्कर में एक कंटेनर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। कंटेनर हाईवे का बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे नाले में जा फंसा। संयोग अच्छा रहा कि चालक बाल बाल बच गया। कंटेनर चालक जगरूप सिंह संबलपुर से जम्मू की ओर जा रहे थे। बताया कि झिलिया पुल के पास सीमेंट लदी एक ट्रक पहले से खड़ी थी। इसी दौरान सामने से एक बस आ रही थी, जबकि एक कार बस को ओवरटेक कर रही थी। बारिश के कारण दृश्यता कम थी। कार को बचाने के प्रयास में उन्होंने कंटेनर को बाईं ओर मोड़ दिया। जिससे वह पहले खड़ी ट्रक के अगले हिस्से से टकराया और फिर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे नाले में जा फंस गया। हादसे में कंटेनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि खड़ी ट्रक का अगला भाग भी क्षतिग्रस्त हुआ। सूचना मिलने पर एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया।