ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने ईंधन अधिभार के नाम पर शनिवार को बिजली बिल अधिभार में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी। यह जून महीने के बिलों से लागू हो जाएगी। इस फैसले के बाद से गर्मी और कटौती का सामना कर रहे उपभोक्ता भड़क गए हैं। उनका कहना है कि अभी इसको लागू करने का समय नहीं था। इससे मध्यमवर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित होगा। जिले में कुल दो लाख 50 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। अभी तक उनसे प्रति यूनिट चार रुपये 20 पैसे बिल का भुगतान करना पड़ता था, लेकिन अब बढ़ोतरी होने से 10 फीसदी सरचार्ज बढ़ाकर बिल देना होगा। इससे उनका जहां बजट बिगड़ेगा वहीं अन्य समस्याओं से परेशान होना पड़ेगा। व्यापारी जतन गुप्ता ने कहा कि बिजली बिल 10 फीसदी बढ़ा दिया गया है। पहले 1800 बिल आता था। अब दो हजार से अधिक का बिल जमा करना होगा। इससे बजट भी बिगड़ेगा। नई बाजार के द्वारिका यादव ने कहा कि बिजली बिल बढ़ाने का फैसला सही नहीं है। छोटे व्यापारियों पर इसकी सीधी मार पड़ेगी। पहले ही कटौती बहुत होती है। दाम बढ़ाने से पहले 24 घंटे बिजली तो दें। नई बाजार के सुरेश साहू ने कहा कि बिजली बिल बढ़ाकर जनता पर सीधे बोझ लादा गया है। सरकार को सोलर सब्सिडी बढ़ानी चाहिए ताकि लोग विकल्प चुन सकें। सुरियावां निवासी राजेश मौर्य कहते हैं कि पहले से ही जरूरत से ज्यादा बिल आ रहा है। अब 10 फीसदी बिल महंगा होने से बोझ बढ़ेगा। बढ़ती महंगाई में बिजली का झटका बर्दाश्त के बाहर है।