चौरी। भदोही-वाराणसी मुख्य सड़क और उत्तर रेलवे के जंघई-वाराणसी रेल खंड स्थित कंधिया फाटक पर लगभग 84 करोड़ से प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण ने प्रथम चरण में ही विवाद का रूप ले लिया है। ब्रिज के लिए बनाए जाने वाले चार में तीन पिलर पर काम शुरू हो गया है, लेकिन चौथे पिलर का कार्य भूमि विवाद के कारण फंस गया है। इंजीनियर ने बताया कि मामला रेल मंडल लखनऊ तक पहुंचा दिया गया है। मंडल स्तर से मामला हल होने के बाद चौथा पिलर तैयार होगा।
जंघई-वाराणसी उत्तर रेल खंड स्थित कंधिया फाटक पर ओवरब्रिज के लिए कुल चार पिलर बनाए जाने हैं। शासन ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए स्वीकृति देकर बजट का आवंटन भी कर दिया। सात दिसंबर को कार्यदायी संस्था निर्माण सामग्रियों के साथ मौके पर पहुंच गई और तीन पिलर पर काम शुरू हो गया लेकिन चौथा पिलर भूमि विवाद के कारण फंस गया है। सेक्शन इंजीनियर उत्तर रेलवे पवन कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण के लिए बीते सप्ताह ही राजस्व टीम ने किसानों से ली जाने वाली भूमि की पैमाइश रिपोर्ट भेज दी। किसान मुआवजा लेने के बाद भी कार्य में अड़ंगा डाल रहे हैं।
ओवरब्रिज निर्माण के लिए रूट डायवर्जन का पालन न होने की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रभारी निरीक्षक चौरी को फटकार लगाते हुए निर्देशों का पालन सख्ती के साथ कराने के लिए कहा। इसके बाद पुलिस सख्त तो हुई है, लेकिन मुख्य सड़क की दिशा बदलने और फाटक कार्य प्रगति पर होने पर भी चालक वाहनों को लेकर आवागमन कर रहे हैं। रेलवे इंजीनियर पवन कुमार ने कहा कि वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए अब लोहे के डिवाइडर लगाए जा रहे हैं।
चौरी। कंधिया फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नाम पर भदोही-वाराणसी मुख्य सड़क से एक वर्ष तक आवागमन पर लगी रोक का वाहन चालकों पर असर नहीं है। प्रशासन ने भदोही की ओर से बरदहा पाल तिरहा वाया कालिका धाम-वाराणसी और वाराणसी की ओर से कपसेठी बाजार-गोहिलांव वाया चौरी होते हुए वाहनों को भदोही तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की है। दोनों जनपदों ने की पुलिस ने सख्ती की है। लेकिन इसका कोई असर वाहन चालकों पर नहीं है। कंधिया से वाराणसी तक पड़ने वाले अन्य समपार पर रेलवे प्रशासन ने लोहे का गार्डर लगाकर आवागमन प्रतिबंधित किया है, लेकिन चालक जोखिम उठाकर आ जा रहे हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर सेतु निगम आरएस उपाध्याय ने कहा कि आवागमन डायवर्ट मार्गों से होना चाहिए। वाहन चालकों की मनमानी न रुकने पर अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।