चौरी। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को बीसा और चौरी गांव में चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा का नाम बदलने एवं उसे कमजोर करने के बारे में ग्रामीणों को बताया गया। मनरेगा के लिए संघर्ष का संकल्प लिया गया। जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी और ब्लॉक अध्यक्ष शिवपूजन मिश्रा ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता के जीवन की रीढ़ है। वर्तमान सरकार मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। इसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। ग्रामीणों को समय पर काम और मजदूरी मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर मनरेगा बचाओ संग्राम में भागीदारी करें। मंडल अध्यक्ष राजनाथ यादव एवं धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि मनरेगा योजना से गांवों में रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता जुड़ी है, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। भुगतान में देरी हो रही है। कांग्रेस मनरेगा को कमजोर करने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मौके पर आयुष पटेल, राम विलास पटेल, अमरावती देवी, सुरेंद्र कुमार प्रजापति, अवधेश प्रजापति, तेजू वनवासी आदि रहे।