ज्ञानपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसआईआर को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। मतदाता सूची को लेकर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, डिजिटाइजेशन आदि में आ रही दिक्कतों को देखते हुए अंतिम तिथि को एक माह तक बढ़ाने की मांग की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नाम का ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया। प्रदेश को-आर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय और जिलाध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में लोग गणना प्रपत्र नहीं भर सके हैं। तकनीकी समस्याएं, पोर्टल में बार-बार आने वाली खराबी, बीएलओ पर अधिक दबाव और सीमित समय के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाता अपने नाम दर्ज नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे में केवल एक सप्ताह की बढ़ोतरी जनहित में पर्याप्त नहीं है। एसआईआर की समयसीमा कम से कम एक माह तक बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2003 की मतदाता सूची राजनीतिक पार्टियों को न मिल पाने के कारण मतदाताओं के नाम का मिलान करने में परेशानी आ रही है। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ. राजेंद्र कुमार दुबे, सुरेशचंद्र मिश्र, प्रेमबिहारी उपाध्याय, राजेश्वर दुबे, सुरेश गौतम, सुबुक्तगीन अंसारी, नाजिम अली, अशोक मिश्र, शिवपूजन मिश्र, शमशीर अहमद, रमाशंकर बिंद, राजेश पाल, विमलेश पाल, राकेश पाल, सरफराज अहमद आदि रहे।