सीतामढ़ी। सांसद डॉ. रमेश चंद्र बिंद ने सोमवार को सीतामढ़ी पहुंचकर लवकुश जन्मोत्सव मेले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर धनतुलसी-डेंगुरपुर घाट पर गंगा पर पक्का पुल बनवाने और मठहा से औराई तक सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। कहा कि सीतामढ़ी क्षेत्र में समुचित विकास किया जाएगा। सांसद ने महर्षि वाल्मीकि आश्रम, सीता समाहित स्थल समेत मेला क्षेत्र का भ्रमण कर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके पूर्व कथा पंडाल में पहुंचे सांसद ने भगवान की पावन कथा सुनी। सांसद ने कहा कि लवकुश जन्मोत्सव मेले का इतिहास काफी पुराना है। सीतामढ़ी भदोही जिले का गौरव है। इस धार्मिक स्थल के सर्वांगीण विकास के लिए वह प्रयत्नशील हैं। कहा कि सीतामढ़ी के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि कोनिया क्षेत्र के धनतुलसी-डेंगुरपुर गंगा घाट पर पक्के पुल का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं, सीतामढ़ी को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली मठहा चौराहे से औराई तक सड़क जल्द बनवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुनील मिश्र, भारत भूषण सिंह, सरकार शुक्ला, डॉ. रमाशंकर सिंह, सुशील पोहिला आदि मौजूद थे।