फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: 885 परिषदीय विद्यालयों में लगेंगी शिकायत पेटिकाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। जिले के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे अब बिना डर और झिझक के अपनी समस्या बता सकेंगे। इसके लिए विद्यालयों में शिकायत पेटिकाएं लगाई जाएंगी, जिनमें बच्चे अपनी शिकायतों, पीड़ा, व्यथा को लिखकर डालेंगे। प्रधानाध्यापक प्रतिदिन इस शिकायत पेटिका को खोलेंगे और प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। जिले में कुल 885 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें करीब 1.40 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बच्चों की उपस्थिति विद्यालयों में शत-प्रतिशत करने के लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। अब शासन ने विद्यालयों के बच्चों में विश्वास जगाने, जिससे कि वह अपने साथ घटित होने वाली किसी भी अनुचित घटना की शिकायत निडर और बिना झिझक के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या अधिकारियों को बताने के लिए नई पहल शुरू की है, जिसमें विद्यालयों में एक शिकायत पेटिका लगाई जाएगी। यह पेटिका प्रधानाध्यापक कक्ष के बाहर लगाई जाएगी। इस पेटिका में बच्चे बिना डर व झिझक के अपनी समस्या को लिखकर डाल सकेंगे। शिकायत पेटिका को प्रतिदिन प्रधानाध्यापक खोलेंगे। इसमें मिलने वाली शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिक्षक-अभिभावक संघ और विद्यालय प्रबंधन समिति को भी ऐसी शिकायतों के प्रति सजग रहकर त्वरित कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पीड़ित छात्र की तत्काल काउंसिलिंग कर उनकी सुरक्षा और पढ़ाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक कर मिलने वाली शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालयों के सभी प्रधानाध्यापकों, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही विद्यालयों में शिकायत पेटिका लगाई जाएंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें