स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से संचालित रोटहां फीडर पर एक बार फिर बुधवार की शाम कोटेड केबल टुकड़ों में टूटकर गिर गए, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। रोहटा गांव के लोग 30 घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रहने से परेशान रहे। लोगों ने चार-पांच माह पूर्व लगे कोटेड केबल में मानक की अनदेखी पर नाराजगी जताई। चेताया कि अगर सुधार नहीं किया गया तो प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चार-पांच माह पूर्व विभाग ने दो दशक पूर्व से लगे खुले तारों को कोटेड केबल में बदला था, जब से कोटेड केबल लगे हैं, तबसे टूटकर गिरने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। यही वजह है कि उपभोक्ता या तो पूरे दिन आपूर्ति से वंचित रहते हैं या फिर पूरी रात। सूचना पर विभागीय कर्मचारी टूटे केबल को जोड़कर जिम्मेदारी से मुक्त होते हैं। अंकुर दुबे, आरिफ, जहीर ने बताया कि रोटहां चौराहा के पास लगे ट्रांसफार्मर से मुस्लिम, ब्राह्मण, यादव बस्ती के लोग चार माह से परेशान हैं। बिजली न होने से पेयजल सहित अन्य दैनिक परेशानियां होती हैं। बताया कि बीते तीन दिनों में दो बार टूट चुके कोटेड केबल 20 से 30 घंटे बाद ही जुड़ते हैं। चेताया कि व्यवस्था को ठीक नहीं कराया गया तो ग्रामीण उपभोक्ता प्रदर्शन के लिए विवश होंगे। अवर अभियंता हरिशंकर कुशवाहा ने कहा कि टूटकर गिरने वाले केबल को जोड़वाकर आपूर्ति चालू करा दी गई है। लोड को देखते हुए अविलंब अधिक क्षमता के कोटेड वायर लगवाए जाएंगे।