ज्ञानपुर। जिले में शुक्रवार को सभी छह ब्लॉकों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। इसमें 301 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चला रही है। शासन ने वित्तीय वर्ष में भदोही में करीब 416 शादी का लक्ष्य रखा है। नवंबर में होने वाली शादी को अपरिहार्य कारणों से टालकर पांच दिसंबर को तय किया गया था। अब शुक्रवार को ज्ञानपुर, भदोही, औराई, डीघ, सुरियावां और अभोली ब्लॉक में सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया ने बताया कि विवाह की तैयारी कर ली गई है। सभी ब्लॉकों में डीएम की तरफ से एक-एक नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि औराई ब्लॉक में 72, भदोही में 33, ज्ञानपुर में 66, सुरियावां में 50, डीघ में 58 और अभोली में 20 जोड़े चयनित हुए हैं। निकायों में सिर्फ गोपीगंज से दो और नई बाजार से एक जोड़े ने पंजीकरण कराया है। कुल 301 जोड़ों की सामूहिक विवाह में शादी होनी है। उन्होंने बताया कि शासन ने सामूहिक विवाह का अनुदान 51 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दिया है। अब वधू के खाते में 60 हजार, 25 हजार रुपये का उपहार दिया जाएगा जबकि 15 हजार रूपये आयोजन पर खर्च होंगे।