ज्ञानपुर। जिले में दो दिनों तक तपती धूप के बाद मंगलवार को लोगों को थोड़ी राहत मिली है। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल घेरे रहे। शाम होते ही बूंदाबादी भी शुरू हो गई। इससे तापमान लगभग ढाई डिग्री गिरकर 37.3 डिग्री पहुंच गया। बादलों के असर के कारण लोगों को तपती धूप और उसम से राहत मिली है। जिले में मई माह के शुरुआती दिनों को छोड़ दिया जाए तो आखिरी के दिनों में मौसम लगभग सामान्य रहा। इस बीच कभी तेज धूप तो कभी बादलों की आवाजाही रही। मई में मौसम में उतार-चढ़ाव का असर अब जून में भी जारी है। जून महीने के पहले दो दिनों तक गर्मी का तेवर देखकर हर कोई परेशान था। मंगलवार को एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अचानक से मौसम बदला और शाम को बूंदाबांदी हुई। इस कारण तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली। शाम को ठंडी हवा चली। मौसम में नमी होने के कारण तापमान में करीब ढाई डिग्री की कमी आई है। दिन का तापमान 37.3 डिग्री के नीचे पहुंच गया। यह मौसम खेती किसानी के दृष्टिकोण से फायदेमंद है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मंगलवार को 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों मौसम ऐसे ही बना रहेगा, बारिश का संभावना बन सकती है।