ज्ञानपुर पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बृहस्पतिवार की भोर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे दिन भर उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में कई स्थानों पर जलजमाव होने से परेशानी हुई।
बेमौसम बारिश से कालीन नगरी के लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 27-28 अप्रैल से मौसम का रूख बदला-बदला रहा। बुधवार को दिन में ही आसमान में काले बादलों ने दस्तक दे दी। शाम को तेज ठंडी हवाओं ने ही लोगों को बारिश आने का संकेत दे दिया। रात में मौसम सुहाना रहा, लेकिन बृहस्पतिवार को भोर में चार बजे से साढ़े पांच बजे तक डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे ज्ञानपुर के पुरानी कलेक्ट्रेट, सुरियावां के नेतानगर, ब्लॉक कार्यालय सहित निचले हिस्सों में जलजमाव हो गया। सुरियावां ब्लॉक के कीर्तिपुर स्कूल में बारिश का पानी घुसने से पठन-पाठन प्रभावित हुआ।
कृषि केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि सात मिमी बारिश हुई है। दुर्गागंज, मोढ, सुरियावां, भदोही, ज्ञानपुर आदि स्थानों के स्थानों पर जलजमाव होने के कारण आवागमन में दिक्कते हुई। डॉ. अमल सिंह ने कहा कि बदलते मौसम के बीच लोगों को सतर्क रहना चाहिए। जरा सी लापरवाही के चलते बीमार पड़ सकते हैं। सुबह शाम फूल बाजू का कपड़ा पहने, बाजार के खाद पदार्थ का सेवन करने से बचे।
मोढ़। बारिश का पानी बाजार के बीचों बीच जमा होने से व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। बाजार में जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कार्य नहीं हुआ है। इसके कारण हल्की सी बारिश होने पर जलजमाव की स्थित बन जाती है। व्यापारियों ने जनप्रतिनिधि सहित जिलाधिकारी से बाजार में नाली बनवाने की मांग की है। श्यामजी सिंह, छेदीलाल, उमर श्याम दुबे, सोनू जयसवाल, नसीम अहमद, बबलू यादव, बद्री यादव, असगर अली, प्रिंस दुबे, राजन गणेश, राम नरेश यादव आदि ने प्रदर्शन कर विरोध जताया।