स्थानीय चौराहे के पूर्वी-पश्चिमी छोर पर जाम पड़े नाले का मामला सुर्खियों में आते ही एनएचएआई ने सफाई कार्य शुरु करा दिया है। इसके बाद भी लोगों को दुर्गंध से राहत नहीं मिल रही है। राहगीरों समेत परिवार के साथ रहने वालों ने हिदायत दिया है कि एनएचएआई ने गंदे पानी की निकासी कराकर संक्रमणरोधी दवाओं का छिड़काव नहीं कराया तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। क्षेत्र के अमरबहादुर, सतीश कुमार, कृष्णकुमार, किशनलाल ने एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया है कि तीन वर्ष से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सिक्सलेन का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है लेकिन जलनिकासी की समस्या दूर नहीं हो सकी है। उत्तरी-दक्षिणी लेन के किनारे लाखों रुपये खर्च कर बने नाले का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। हल्की बारिश में भी नाला जाम होने के कारण उफनाने लगता है। मुश्किलें उस समय बढ़ जाती है जब अधूरा नाला सर्विसलेन तक को चपेट में लेकर कई दिनों तक राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। 72 किलोमीटर के राजातालाब-हंडिया खंड पर 30 किलोमीटर का राजमार्ग जिले के पूर्वी और पश्चिमी सीमाओं को जोड़ता है। दोनों लेन की हालत सुधर नहीं रही है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एके राय ने कहा कि शिकायत मिलने पर साफ-सफाई करायी जाती है। नाले का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन को जगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।