कोतवाली क्षेत्र के असनांव बाजार के पास शनिवार की देरशाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार आठवीं के छात्र की मौत हो गई।
इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने ज्ञानपुर-बभनौटी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मनीष द्विवेदी ने बताया कि खेमईपुर निवासी सुभाष चंद्र यादव मुंबई में रहते हैं। उनका बेटा शुभम यादव (13) आठवीं कक्षा का छात्र था। वह साइकिल पर बोरी लादकर खेत जा रहा था। गांव के पास पीछे से रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे शुभम गिर गया।
उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक भाग गया।
ट्रैक्टर चालक खेमईपुर का ही बताया जा रहा है। शुभम सबसे छोटा बेटा था। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।