ज्ञानपुर। जिले के किसानों को तकनीक आधारित खेती की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासन स्तर से तमाम योजनाएं संचालित हो रही हैं। अब जिले में सात हेक्टेयर में मसाला मिर्च (शिमला मिर्च को छोड़कर अन्य सभी के मिर्च इसमें शामिल हैं ) की खेती का लक्ष्य मिला है। उद्यान विभाग को मिले लक्ष्य के बाद विभाग किसानों के चयन में जुटा है। मसाला मिर्च की खेती करने वाले किसानों को 90 फीसदी अनुदान मिलेगा। विभाग के अनुसार कोई किसान एक हेक्टेयर में मसाला मिर्च की खेती करता है तो उसे शासन की ओर से 27 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त होगा। जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव ने बताया कि अनुसूचित जाति जन जाति औद्योगिक विकास योजना के तहत किसानों का चयन किया जाएगा। विभाग को सात हेक्टेयर में मसाला मिर्च की खेती करने का लक्ष्य मिला है। जिसको लेकर विभाग किसानों की चयन प्रक्रिया में जुटा है। बताया कि प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किसानों का चयन किया जाएगा। बताया कि मसाला मिर्च की खेती करने में एक हेक्टेयर मिर्च की खेती करने पर अनुमानित 30 हजार रुपये खर्च आता है। इसमें से 27 हजार रुपये किसानों को अनुदान मिलेगा। किसान तीन हजार रुपये की लागत से बेहतर मुनाफा कमा सकते हैं। किसान ज्ञानपुर निवासी सुजीत दूबे ने बताया कि यदि फसल अच्छी रही तो किसान एक से सवा लाख रुपये का आमदनी भी कर सकते हैं।