पुरस्कृत होंगे भदोही के उद्यमी- अल्पा मेवावाला
- फोटो : BHADOHI
भदोही। प्रदेश के उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय ने विशिष्ट हस्तशिल्प प्रादेशिक पुरस्कार व एमएसएमई पुरस्कार योजनांतर्गत वर्ष 2019-20, 2020-21 तथा 2021-22 के लिए पुरस्कारों की घोषणा की है। सूची में भदोही की दो कालीन फर्मों के नाम भी शामिल हैं। आगामी 17 सितंबर विश्वकर्मा जयंती के दिन लखनऊ में मुख्यमंत्री सभी विजेताओं को सम्मानित करेंगे। 12 सितंबर को निदेशालय द्वारा उद्यमियों को इस संबंध में पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी गई है। पत्र के अनुसार भदोही की प्रमुख कालीन निर्यात फर्म अग्नि को सूक्ष्म लघु श्रेणी में वर्ष 2019-20 के लिए कालीन व दरी के लिए प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उधर दूसरी फर्म आदर्श एक्सपोर्ट को कारपरेट दरी में विशिष्ट गुणवत्ता उत्पाद पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। जिला उद्योग केंद्र के प्रभारी उमेश चंद वर्मा ने बताया कि निदेशालय से जिले के नामित उद्यमियों की सूची के साथ उन्हें 17 सितंबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित होने का निर्देश हुआ है। उधर जिले के खाते में आए दो दो सम्मान की जानकारी होते ही उद्यमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों ने इसका स्वागत करते हए कहा है कि इसका सकारात्मक प्रभाव कालीन उद्योग पर पड़ेगा। अग्नि की संचालक अल्पा मेवावाला और आदर्श एक्सपोर्ट्स के साझेदार अनिल केशरी ने बताया कि सम्मान पाकर खुशी मिली है।