ज्ञानपुर। जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क तैयारी उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को अभ्युदय कोचिंग केंद्र का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने फीता काटकर मुख्यमंत्री अभ्युदय निशुल्क कोचिंग केंद्र का शुभारंभ किया। कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य ऐसे मेधावी युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक सीमाओं के कारण उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते। कोचिंग से संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई), राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी), राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग तथा सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। मौके पर उप जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव प्रकाश, बीएएस शिवम पांडेय, डीआईओएस अंशुमान, जिला समाज कल्याण अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के नोडल अधिकारी पंकज पटेल आदि मौजूद रहे।आदि मौजूद रहे।