वहिदानगर पावर हाउस के पास राजमार्ग के खुले नाला में घुसा ट्रक।
- फोटो : BHADOHI
वहिदानगर। ऊंज थाना क्षेत्र के वहिदानगर पावर हाउस के पास राजमार्ग पर रविवार को केमिकल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खुले नाले में घुस गया। इससे ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बड़ा हादसा टल गया। रविवार को भोर में केमिकल लदे ट्रक को लेकर चालक प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा था। उसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर लोहे के डिवाइडर को तोड़ते हुए नाले में चला गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक और खलासी ट्रक से उतर चुके थे। लोगों का कहना था कि एनएचएआई की ओर से शनिवार को ही डिवाइडर को तैयार किया गया था। यह चौथी घटना है जब-जब उक्त स्थान पर डिवाइडर बनाया गया और वाहन तोड़कर नाले में चला गया। पूर्व में भी डंपर, ट्रेलर और ओवरलोड ट्रकों के नाले में घुसते रहे हैं। इससे लोगों में भय बना रहता है। ग्रामीणों ने एनएचएआई के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब पावर हाउस से नहर पुल तक नाले को ढंकवाने की मांग की।