ज्ञानपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक के बार-बार निरीक्षण के बाद भी चिकित्सालय में स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थित नहीं हो रही है। बुधवार को एक बार फिर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कई स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एक दर्जन से अधिक चिकित्साकर्मी अनुपस्थित मिले। इनका सितंबर माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया। सीएमओ 9.10 बजे पीएचसी निरीक्षण करने पहुंचे। यहां एलटी राजेश गौतम अनुपस्थित रहे। इसके बाद मातृ शिशू स्वास्थ्य केंद्र का 9.20 मिनट पर निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां ताला लटका था। इस पर उन्होंने एएनएम शशिकला का वेतन रोक दिया। साथ ही यह निर्देश दिया गया कि इनका वेतन तब तक रोका जाए, जब तक ये स्वास्थ्य केंद्र पर निवास बनाकर कार्य संपादित नहीं करती है। वहीं सीएचसी सुरियावां में डॉ. आलोक कुमार, डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. अंजू सिंह, रेनू गुप्ता, अरुण नारायण, शिप्रा मौर्या, आशीष शुक्ल, कमलेश यादव, शुभम सिंह, डा. आरबी पाठक भी अनुपस्थित मिले, जिनका वेतन बाधित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बीते सोमवार को ही गोपीगंज और औराई सीएचसी का निरीक्षण किया था। जहां पर लगभग 30 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले थे। जिसपर कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने उनका सितंबर माह का वेतन अवरुद्ध कर दिया था। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने कहा कि लापरवाही बरतने वाली स्वास्थ्यकर्मियों से सख्ती से निपटा जायेगा। किसी हाल में समय से चिकित्सालय पहुंचना अनिवार्य है। अगर ऐसा नहीं करते है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
,ं