ज्ञानपुर। क्राइम ब्रांच और चौरी पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। 25 जून को चौरी के कोम में सराफा कारोबारी से आठ लाख से अधिक लूटकांड में शामिल एक शातिर बदमाश संग दो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 41 ग्राम सोना, 314 ग्राम चांदी और 19 हजार 500 रुपये नकद बरामद किया। दो आरोपियों की पुलिस को अभी भी तलाश है। गैंग लीडर एकराम को दो दिन पूर्व ही पुलिस ने धौरहरा में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार पत्रकारों से रूबरू होकर घटना का खुलासा करते हुए कहा कि 25 जून को सुबह 10.40 बजे कोम के हनुमान मंदिर के समीप सराफा कारोबारी जय कुमार वर्मा को तमंचा दिखाकर आठ लाख के आभूषण बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। पीड़ित पल्हैयां स्थित अपनी दुकान पर जा रहा था। उसकी तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती के नेतृत्व में औराई क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। दो दिन पूर्व मास्टरमाइंड एवं गैंग लीडर एकराम निवासी कूड़ीकला बड़ागांव वाराणसी को धौरहरा के समीप मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर दूसरे शातिर लुटेरे शिव प्रकाश सेठ और जेवरात खपाने में शामिल संतोष सेठ को चौरी के मई हरदोपट्टी तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो महिला अंगूठी, छह पुरुष अंगूठी, दो चेन, दो लाकेट सहित 41.3 ग्राम सोना, 314 ग्राम चांदी और 19 हजार 500 रुपये बरामद किया गया। पूछताछ में शिव प्रकाश सेठ ने बताया कि हम लोगों का संगठित गैंग है। गैंग लीडर एकराम के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। गैंग के सदस्य रमजान और नौशाद दुकानों और घरों की रेकी करते। 25 जून को जय कुमार सेठ को असलहा दिखाकर 180 ग्राम सोना और 314 ग्राम चांदी सहित अन्य आभूषण की लूट की गई। वाराणसी के कुछ सर्राफा दुकानों पर बेचने के लिए गए, लेकिन बिका नहीं। उसके बाद संतोष से संपर्क किया और उसने ज्ञानपुर बुलाया। बेचने जाते समय पकड़े गए। एसपी ने बताया कि लूटाकांड में शामिल रमजान और नौशाद की पुलिस तलाश कर रही है। लूटकांड का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। गिरफ्तारी टीम में विनोद दूबे, तुफैल अहमद, नरेंद्र सिंह, अजय यादव, एसओ चौरी अनिल कुमार, विद्यासागर खरवार, गिरजाशंकर, अनिरूद्ध आदि रहे।