भदोही। अराजक तत्वों ने बीती रात पश्चिम तरफ मोहल्ला स्थित इंटर पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) में खड़े नगर पालिका के सात वाहनों को लाठी डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया। सभी वाहनों के शीशे चकनाचूर हो गए। अराजक तत्वों ने इस दौरान वहां तैनात दिव्यांग चौकीदार को धमकाया भी। सुबह इसकी जानकारी होने पर अधिशासी अधिकारी जी.लाल खुद मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। बाद में कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया। चौकीदार महेंद्र गौतम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ईओ ने बताया कि आईपीएस पर साफ सफाई वाले वाहन नियमित खड़े किए जाते हैं। वहां गंदे पानी की जलनिकासी के लिए पंपिग स्टेशन भी बना है। जिसके संचालन और देखरेख के लिए दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मंगलवार की आधी रात को दीवार फांदकर करीब आधा दर्जन की संख्या में कैंपस में घुसे युवकों ने सभी कूडा वाहनों के शीशे तोड़ दिए। वहां तैनात दिव्यांग चौकीदार को धमकी भी दी। बताया कि परिसर में कुल सात कूड़ा वाहन खड़े थे। सभी को क्षतिग्रस्त किया गया है।कोतवाल गगनराज सिंह ने बताया कि चौकीदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही सभी की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना से नगर पालिका कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है आए दिन अराजक तत्व कभी सफाई के बहाने तो कभी दूसरी बातों को लेकर उन्हें निशाना बनाते हैं।