डीघ ब्लाक के लगभग 116 कोटे की दुकानों पर चना नहीं पहुंचने के कारण वितरण में बाधा खड़ी हो गई है। अप्रैल के दूसरे चरण में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय के सवा तीन राशनकार्ड धारकों में प्रति यूनिट पांच किलोग्राम गेहूं-चावल के साथ प्रति कार्ड एक-एक किलोग्राम चना, नमक, रिफाइन का नि:शुल्क वितरण दो मई से कराने का निर्देश खाद्य एवं रसद विभाग ने दिया था। दो से 12 मई तक खाद्य सामानों की पूर्ति न होने के कारण विभाग ने 20 मई तक वितरण की तिथि बढ़ाया है। बावजूद इसके चना की कमी कोटेदारों को सता रही है। डिप्टी आरएमओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं-चावल के साथ नमक और रिफाइन की पूर्ति शनिवार को जिले में हो गई थी। रविवार को 14 एमटी चना की खेप आई है। सोमवार से डीघ ब्लाक गोदाम पर चने को अनलोड कराकर कोटेदारों में उठान शुरू करा दिया जाएगा।